बिश्रामपुर विधानसभा विशेष प्रतिनिधि/ दीपक यादव
पांडू,पलामू। पांडू प्रखंड अंतर्गत कुटमू पंचायत के बरवाही गांव निवासी विजय पासवान की छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र स्थित एनटीपीसी तलाईपल्ली कोल माइंस परियोजना में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई।घटना के बाद साथी चालकों और स्थानीय मजदूरों में आक्रोश फैल गया।मृतक के परिजनों और मजदूरों ने विभिन्न मांगों को लेकर कार्यस्थल पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।जानकारी के अनुसार विजय पासवान एनटीपीसी तलाईपल्ली परियोजना में 16 चक्का भारी वाहन चालक के रूप में कार्यरत था।ऑल झारखंड ड्राइवर ट्रेड यूनियन से जुड़े साथी चालक हजारी सिंह ने बताया कि विजय शनिवार रात करीब 10 बजे नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर गया था।पूरी रात वाहन चलाने के बाद रविवार सुबह करीब चार बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।आरोप है कि तबीयत खराब होने की सूचना देने के बाद उसे रूम पर भेज दिया गया,लेकिन तत्काल अस्पताल पहुंचाने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई।समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।साथी चालकों का आरोप है कि विजय ने दो दिन पहले भी तबीयत खराब होने की बात कहकर घर जाने के लिए छुट्टी मांगी थी,लेकिन उसकी छुट्टी मंजूर नहीं की गई।प्रदर्शनकारियों ने 12-12 घंटे ड्यूटी कराने,बीमारी की स्थिति में उचित राहत नहीं देने तथा सुपरवाइजरों पर गाली-गलौज और नौकरी से हटाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन और कुटमू पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरविंद पाल आनन-फानन में रायगढ़ पहुंचे।परिजनों और मुखिया प्रतिनिधि ने भी मजदूरों के साथ धरना प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगें रखीं।परिजनों के अनुसार कंपनी की ओर से एक लाख रुपये मुआवजे की पेशकश की गई,जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया।परिजनों ने सम्मानजनक मुआवजा,बीमा राशि तथा मृतक के आश्रित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।साथ ही प्रशासन,श्रम विभाग और एनटीपीसी के उच्चाधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की गई है।प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता,तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।हालांकि लगाए गए आरोपों को लेकर अभी तक कंपनी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
झारखंडी मजदूर की मौत, एनटीपीसी तलाईपल्ली परियोजना में धरना प्रदर्शन, मुआवजा व नौकरी की मांग
