-दिनदहाड़े डिक्की से उड़ाए थे 6 किलो 800 ग्राम चांदी के गहने
-तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना बनी हथियार, तीनों ने कबूला जुर्म
-बाकी चांदी के लिए चल रही छापेमारी
रंजीत विधार्थी
मुंगेर : अगर आप समझते हैं कि दिनदहाड़े लूट करके अपराधी आसानी से बच जाएंगे, तो मुंगेर पुलिस की इस कार्रवाई ने उस भ्रम को तोड़ दिया है। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज चांदी लूटकांड का पुलिस ने महज सात दिनों के अंदर सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटी गई चांदी में से 2 किलो 300 ग्राम चांदी के आभूषण तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोशन कुमार सहनी, नीरज उर्फ निरू सहनी और भोला सोनार के रूप में हुई है। रोशन भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के काजीटोला का रहने वाला है, जबकि नीरज मुंगेर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चंडिस्थान सहनी टोला और भोला सोनार तारापुर के पुरानी बाजार का निवासी है। पुलिस के सामने तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
क्या था पूरा मामला?
घटना 28 अक्टूबर 2026 की है। पीड़ित व्यक्ति तारापुर से संग्रामपुर बेलहर की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे उनकी गाड़ी की डिक्की में लगभग 6 किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण रखे हुए थे। इसी दौरान घात लगाए तीन अज्ञात अपराधियों ने मौका पाकर डिक्की से चांदी के गहने लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत संग्रामपुर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया।
आवेदन के आधार पर संग्रामपुर थाना में कांड संख्या 150/26, दिनांक 28.10.2026 को धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
कैसे पकड़े गए लुटेरे?
लूट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। कांड के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तारापुर कुमार देवेंद्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में संग्रामपुर थानाध्यक्ष बिनोद कुमार झा और जिला आसूचना इकाई मुंगेर की टीम को शामिल किया गया।
टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय एवं गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों का पीछा शुरू किया। लगातार 7 दिनों तक चली मेहनत रंग लाई और 4 नवंबर 2026 को पुलिस ने तीनों को अलग-अलग ठिकानों से विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लूटे गए चांदी के आभूषण में से लगभग 2 किलो 300 ग्राम चांदी और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष लूटी गई चांदी की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कांड का अनुसंधान अभी जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया गया है कि सफल उद्भेदन करने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
छापामारी दल में ये थे शामिल
इस सफलता के पीछे पूरी टीम की मेहनत है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तारापुर कुमार देवेंद्र के अलावा संग्रामपुर थानाध्यक्ष पु०नि० बिनोद कुमार झा, पु०अ०नि० धनंजय कुमार, पु०अ०नि० आशीष कुमार और तारापुर थानाध्यक्ष पु०नि० राजकुमार शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की तत्परता से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा।
