Skip to main content

Birsa Times

श्रीकृष्ण सेतु पर 300 कार्टन शराब जब्त, चावल की बिल्टी से चल रहा था शराब तस्करी का खेल

श्रीकृष्ण सेतु पर 300 कार्टन शराब जब्त, चावल की बिल्टी से चल रहा था शराब तस्करी का खेल

-पुलिस की तत्परता से फेल हुआ तस्करों का प्लान
-उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड राज्य से जुड़ रहें तार
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर :
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच मुंगेर पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि तस्कर चाहे जितने भी शातिर तरीके अपना लें, कानून के हाथ से बच नहीं सकते। दीपावली के मौके पर जिले में शराब की खेप खपाने की बड़ी साजिश को मुंगेर पुलिस ने नाकाम कर दिया है।
ताजा मामला मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु का है, जो अब शराब तस्करों का नया कॉरिडोर बनता जा रहा है। एसपी की गुप्त आसूचना इकाई और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 300 कार्टन अंग्रेजी शराब से लदा कंटेनर पकड़ा गया है।

चावल की बिल्टी और अंदर शराब का जखीरा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धनबाद से एक कंटेनर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मुजफ्फरपुर के पीपलाकोठी भेजी जा रही है। तस्करों ने पुलिस को धोखा देने के लिए कंटेनर के कागजात में चावल की बिल्टी लगा रखी थी।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष वीरभद्र कुमार एक्शन में आए। उन्होंने श्रीकृष्ण सेतु के पास घेराबंदी कर एसपी की आसूचना टीम के साथ जाल बिछाया और संदिग्ध कंटेनर को रोककर जब तलाशी ली तो होश उड़ गए। कंटेनर में चावल की जगह 300 से अधिक कार्टन अंग्रेजी शराब ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थी। मौके पर ही कंटेनर को जब्त कर लिया गया।

यूपी का चालक गिरफ्तार, धनबाद से मुजफ्फरपुर तक जुड़े हैं तार
इस मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया चालक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बेलारी थाना क्षेत्र के तेवरखास गांव का निवासी मेहरबान बताया जा रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुलासा किया है कि उसे धनबाद से चावल की बिल्टी देकर कंटेनर मुजफ्फरपुर पहुंचाने को कहा गया था। यह शराब दीपावली के दौरान ऊंचे दामों पर खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। धनबाद से लेकर मुजफ्फरपुर तक के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

श्री कृष्णा सेतु बना तस्करी का हॉटस्पॉट, पुलिस की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी श्रीकृष्ण सेतु से ही पुलिस 143 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद कर चुकी है। लगातार दूसरी बड़ी बरामदगी ने यह साफ कर दिया है कि तस्करों ने इस सेतु को अपना सुरक्षित रास्ता मान लिया है।
ऐसे में मुफस्सिल थानाध्यक्ष वीरभद्र कुमार की यह कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है। वीरभद्र कुमार अपनी तेज तर्रार कार्यशैली और सटीक सूचना तंत्र के लिए जाने जाते हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही उन्होंने शराब, अवैध हथियार और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रखा है। फिलहाल पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों तथा इस धंधे में शामिल बड़े सरगनाओं की तलाश में जुट गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *