
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ बजाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। श्रीनगर में आयोजित पहले वक्फ दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् बजाए जाने पर मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने इसे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक मान्यताओं के विपरीत बताते हुए कानूनी राय लेने और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की बात कही है। दूसरी ओर, कार्यक्रम में मौजूद कुछ मौलवियों ने भी वीडियो जारी कर इस दौरान खड़े होने पर माफी मांगी है।
किरेन रिजिजू की मौजूदगी में हुआ था कार्यक्रम
दरअसल, 24 नवंबर को श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST) में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की ओर से वक्फ दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी समेत कई राजनीतिक नेता, शिक्षाविद और धार्मिक विद्वान भी मौजूद थे।
समारोह के दौरान वंदे मातरम् बजाया गया। इस दौरान सभागार में मौजूद लोग खड़े हो गए और स्क्रीन पर गीत के बोल भी प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद कुछ धार्मिक संगठनों और नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई।
MMU ने धार्मिक मान्यताओं का दिया हवाला
कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक की अध्यक्षता वाले MMU ने बयान जारी कर कहा कि इस्लाम में तौहीद यानी अल्लाह की एकता का सिद्धांत सबसे महत्वपूर्ण है। संगठन के अनुसार, इस्लाम मातृभूमि से प्रेम करने की शिक्षा देता है, लेकिन मातृभूमि की पूजा करने और उसे ईश्वरीय दर्जा देने के बीच स्पष्ट अंतर करता है।
MMU ने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड ने अपने ही कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाकर कश्मीरी मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं की अनदेखी की है। संगठन ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) के रुख का भी हवाला दिया और कहा कि धार्मिक एवं संवैधानिक आधार पर इसे अनिवार्य किए जाने का विरोध किया जाता रहा है।
मौलवियों ने वीडियो जारी कर मांगी माफी
वंदे मातरम् बजने के दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ मौलवियों के खड़े होने पर भी विवाद हुआ। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद कई धार्मिक विद्वानों और उपदेशकों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
मौलवियों ने कहा कि उन्हें पहले से जानकारी नहीं थी कि कार्यक्रम में वंदे मातरम् भी बजाया जाएगा। वे शिष्टाचार और परिस्थिति के कारण खड़े हो गए थे, लेकिन उन्होंने गीत नहीं गाया। बाद में अपनी गलती का एहसास होने पर उन्होंने माफी मांगी और अपने धार्मिक विश्वास को दोहराया।
कुछ मौलवियों ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य गीत का समर्थन करना नहीं था।

कानूनी राय लेकर सरकार को ज्ञापन सौंपेगा MMU
MMU ने कहा है कि वह इस पूरे मामले पर कानूनी राय लेने पर विचार कर रहा है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को औपचारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने जम्मू-कश्मीर के सरकारी कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में वंदे मातरम् को जबरन शामिल नहीं करने की मांग की है।
संगठन ने संविधान के तहत धार्मिक आस्था और अंतरात्मा की स्वतंत्रता का सम्मान करने की अपील भी की है।
राष्ट्रीय गीत को लेकर फिर शुरू हुई बहस
वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय प्रतीकों, धार्मिक स्वतंत्रता और सार्वजनिक आयोजनों में उनकी भूमिका को लेकर बहस तेज हो गई है। एक ओर MMU इसे धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा मुद्दा बता रहा है, वहीं दूसरी ओर इस घटनाक्रम ने राष्ट्रीय गीत के सम्मान और सार्वजनिक कार्यक्रमों की परंपराओं पर भी चर्चा शुरू कर दी है।
फिलहाल MMU की ओर से कानूनी राय लेने और ज्ञापन सौंपने की बात कही गई है। मामले में आगे संबंधित अधिकारियों का रुख महत्वपूर्ण होगा।
