सुस्मित तिवारी, आदिवासी एक्सप्रेस, ब्यूरो पाकुड़
हिरणपुर (पाकुड़)। पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। धान लोड करने खेत की ओर जा रहा बिना नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी नहर में ट्रॉली समेत पलट गया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी निवासी विभीषण मरांडी (25) और चरण मरांडी (24) के रूप में हुई है। वहीं, घायल किशोर की पहचान हिरणपुर खास निवासी इमराज शेख (17) के रूप में की गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल रेफर किया गया।

संकीर्ण रास्ते पर अनियंत्रित होकर नहर में गिरा ट्रैक्टर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर चालक समेत चार लोग सवार थे। सभी धान लोड करने के लिए खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रानीपुर नहर के पास संकीर्ण और कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते इंजन और ट्रॉली समेत पूरा ट्रैक्टर करीब 10 फीट गहरी नहर में जा गिरा।
बताया जाता है कि नहर में करीब तीन फीट पानी जमा था। हादसे में तीनों मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक विभीषण मरांडी और चरण मरांडी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल इमराज शेख को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

500 रुपये की दिहाड़ी से चलता था परिवार
इस हादसे ने दो परिवारों का सहारा छीन लिया है। परिजनों के अनुसार, विभीषण और चरण दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। आर्थिक तंगी के कारण वे प्रतिदिन करीब 500 रुपये की दिहाड़ी पर काम करते थे। उनकी कमाई से ही परिवार की जरूरतें पूरी होती थीं।
दोनों युवकों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद करणघाटी सहित आसपास के गांवों में शोक और मातम का माहौल है। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
चालक फरार, ट्रैक्टर मालिक की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही बिना नंबर वाले ट्रैक्टर के मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
