पांडू के रतनाग गांव स्थित घर में चल रहा था कथित हथियार निर्माण का कारोबार, देशी कट्टा, अर्धनिर्मित हथियार और करीब 70 लोहे के टुकड़े बरामद
आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
पांडू, पलामू। पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के कारोबार का खुलासा करते हुए कथित मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रतनाग गांव के महुआ धाम टोला स्थित एक घर में छापेमारी कर उदय मिस्त्री (58) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मौके से एक देशी कट्टा, अर्धनिर्मित हथियारों के हिस्से और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध हथियार निर्माण और खरीद-बिक्री के नेटवर्क की जांच को नई दिशा मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर तैयार किए गए हथियार किन लोगों को बेचे गए और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अमित सिंह से पूछताछ में मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पांडू थाना कांड संख्या 46/2026 से जुड़ी है। इस मामले में गत 2 अगस्त को आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रतनाग निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह (25) को इस मामले में नामजद अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने पूर्व में उसके घर पर छापेमारी कर दो देशी कट्टे बरामद किए थे। हालांकि, उस समय वह घर पर नहीं मिला था। बाद में उसने गिरफ्तारी के दबाव में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
इसके बाद पुलिस ने अमित कुमार सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर बताया कि बरामद दोनों देशी कट्टे उसने उदय मिस्त्री से खरीदे थे। उसने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि उदय मिस्त्री महुआ धाम स्थित अपने पाही घर में देशी कट्टे और अन्य हथियारों का निर्माण करता है।
छापेमारी में हथियार और उपकरण बरामद
इस सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उदय मिस्त्री के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को हथियार निर्माण से संबंधित कई सामान मिले। मौके से उदय मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने एक देशी कट्टा, लकड़ी का एक अर्धनिर्मित बंदूक बट, लोहे के दो अर्धनिर्मित बैरल, ट्रिगर और ट्रिगर गार्ड लगा बंदूक का एक अर्धनिर्मित बट-बॉडी तथा एक लोहे का ट्रिगर बरामद किया है।
इसके अलावा हथौड़ी, रेती, रिंच, छेनी, सलाई रिंच, रुखानी, लकड़ी में छेद करने वाले उपकरण, हथकल और बंदूक निर्माण में इस्तेमाल होने वाले छोटे-बड़े लोहे के करीब 70 टुकड़े भी जब्त किए गए हैं।
एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी
छापेमारी दल में एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल, पांडू थाना प्रभारी विगेश राय, पुलिस अवर निरीक्षक राजकुमार मेहता, सहायक अवर निरीक्षक प्रेम नारायण रजक सहित पांडू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस अब उदय मिस्त्री से पूछताछ और बरामद सामग्री के आधार पर अवैध हथियार निर्माण के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस यह पता करना है कि कथित रूप से बनाए गए हथियार किन लोगों तक पहुंचाए गए और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
