उदयपुर से फूल शंकर डामोर की रिपोर्ट
उदयपुर: देश को आजाद हुए दशकों बीत चुके हैं, लेकिन राजस्थान के उदयपुर जिले का खादरा फला गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत कवेल के इस आदिवासी बहुल गांव में करीब 2 हजार लोग रहते हैं, लेकिन आज भी यहां सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
उदयपुर जिला मुख्यालय से करीब 110 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव के लोगों की बदहाली की कहानी कई दशक पुरानी है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 1975 के आसपास खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में सोम नदी डैम के निर्माण के दौरान दर्जनों गांवों के लोगों को विस्थापित कर डेया के जंगलों में बसाया गया था। तब से लेकर आज तक यहां के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
10 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचते हैं पंचायत मुख्यालय
गांव तक पहुंचने के लिए आज भी ग्रामीणों को करीब 10 किलोमीटर की दूरी पैदल या मोटरसाइकिल से तय करनी पड़ती है। आवागमन की बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए भी ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
न हैंडपंप, न घरों में बिजली की पूरी व्यवस्था
गांव में पेयजल की स्थिति बेहद खराब है। यहां एक भी हैंडपंप नहीं है। ग्रामीणों को पानी के लिए करीब 3 किलोमीटर दूर माताजी मंदिर के पास स्थित झरने पर निर्भर रहना पड़ता है। बिजली की स्थिति भी चिंताजनक है। सरकार की ओर से कुछ परिवारों को सौर ऊर्जा की सुविधा दी गई है, लेकिन कई घर आज भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
स्कूल भवन तोड़ा, खुले आसमान के नीचे पढ़ रहे बच्चे
गांव में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भी दयनीय है। ग्रामीणों के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय का भवन करीब 8 महीने पहले तोड़ दिया गया था। इसके बाद से स्कूली बच्चे खुले आसमान के नीचे बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। बारिश और धूप के बीच बच्चों की पढ़ाई किस तरह हो रही है, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

बीमार और गर्भवती महिलाओं को खटिया पर ढोते हैं ग्रामीण
स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव यहां के लोगों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बना हुआ है। गांव में किसी के बीमार पड़ने या गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाने की नौबत आने पर ग्रामीणों को पहले से तैयारी करनी पड़ती है। करीब 10 लोगों की मदद से मरीज को झोली या खटिया पर लादकर 10 किलोमीटर दूर पंचायत मुख्यालय तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद निजी जीप या टेंपो से गुजरात के हिम्मतनगर अथवा फलासिया अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जाती है।
ग्रामीणों का दावा है कि पिछले पांच वर्षों में इलाज के लिए जा रहे बीमार पति-पत्नी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, प्रसव के लिए अस्पताल ले जाते समय चार महिलाओं की भी रास्ते में मौत हो चुकी है। ये घटनाएं गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली की गंभीर तस्वीर पेश करती हैं।
राशन के लिए सुबह 5 बजे निकलते हैं ग्रामीण
राशन लेने के लिए भी ग्रामीणों को पूरे दिन की मशक्कत करनी पड़ती है। उन्हें सुबह करीब 5 बजे घर से निकलना पड़ता है और राशन लेकर रात 9 बजे तक वापस लौटना पड़ता है। जंगल के रास्तों से गुजरने के दौरान जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में कई बार काले भालू के हमले की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
गांव छोड़कर बाहर जाने को मजबूर युवा
लगातार बदहाल परिस्थितियों और सुविधाओं के अभाव का असर गांव के युवाओं पर भी पड़ रहा है। बेहतर शिक्षा और रोजगार की तलाश में युवाओं ने गांव छोड़ना शुरू कर दिया है। कई युवा बाहर रहकर पढ़ाई करने के साथ-साथ छोटे-मोटे काम भी कर रहे हैं।
खादरा फला गांव की यह तस्वीर सरकारी विकास के दावों के बीच कई सवाल खड़े करती है। आखिर कब तक यहां के लोग सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहेंगे? ग्रामीणों को अब इंतजार है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं पर ध्यान देंगे और गांव तक विकास की रोशनी पहुंचेगी।

