रंगामाटी गांव के लॉज में दो महीने से ठहरे थे आरोपी, पिस्टल, दो देसी कट्टा, कारतूस और तीन बाइक बरामद
गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस ने बैंक और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में लूट की योजना बना रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी गांव स्थित एक लॉज में छापेमारी कर सभी को पकड़ा। आरोपी पिछले करीब दो महीने से लॉज में ठहरे हुए थे। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
गुप्त सूचना पर एसपी ने बनाई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि जीटी रोड के किनारे स्थित एक लॉज में कुछ अपराधी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डुमरी एसडीपीओ आबिद खां के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इसके बाद पुलिस टीम ने रंगामाटी गांव स्थित लॉज में छापेमारी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और बाइक बरामद की गईं।
इसरी बाजार और बोकारो के ज्वेलरी शोरूम थे निशाने पर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे इसरी बाजार के बैंकों और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों को लूटने की तैयारी कर रहे थे। इसके अलावा बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क ज्वेलर्स को भी निशाना बनाने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले दो महीने से इलाके में रहकर अपनी योजना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। समय रहते मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर कथित लूट की साजिश को नाकाम कर दिया।
उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी आकाश सिंह, बिहार के नालंदा निवासी सुजीत कुमार तथा वैशाली निवासी जयंत कुमार, प्रियांशु कुमार और रंजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 7.65 एमएम की एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी बताए जा रहे आकाश सिंह और जयंत कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
पूरी कार्रवाई डुमरी एसडीपीओ आबिद खां के नेतृत्व में की गई। टीम में निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, निमियाघाट थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मो. उमर खां और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान की जांच के आधार पर उनके आपराधिक नेटवर्क तथा पूर्व की घटनाओं में संभावित संलिप्तता का पता लगा रही है।
