चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद, कई जिलों में साइबर ठगी की वारदातों से जुड़े होने की आशंका
गिरिडीह : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गिरिडीह पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने खंडोली डैम के पास छापेमारी कर APK फाइल भेजकर साइबर ठगी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू मंडल और सौरभ मंडल के रूप में हुई है। दोनों बेंगाबाद थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लोगों को APK फाइल भेजकर उनके साथ साइबर ठगी करते थे। पुलिस को आशंका है कि इनके जरिए कई जिलों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।
एसपी को मिली थी साइबर अपराधियों की सूचना
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को खंडोली डैम के आसपास साइबर अपराधियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन कराने के बाद साइबर थाना पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके बाद साइबर थाना की टीम ने खंडोली डैम के पास छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों की तलाश कई जिलों की पुलिस कर रही थी।
APK फाइल भेजकर करते थे ठगी
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी लोगों को APK फाइल भेजते थे और इसके जरिए साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने कितने लोगों को निशाना बनाया और ठगी की रकम कितनी है। पुलिस इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान करने में भी जुटी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत, पुलिस अवर निरीक्षक गुंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार पंडित और सहायक अवर निरीक्षक गजेन्द्र कुमार शामिल थे।
