Skip to main content

Birsa Times

बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: मानव तस्करी का भंडाफोड़, 7 नाबालिग बच्चे रेस्क्यू, एक तस्कर गिरफ्तार

बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: मानव तस्करी का भंडाफोड़, 7 नाबालिग बच्चे रेस्क्यू, एक तस्कर गिरफ्तार

तमिलनाडु के सलेम ले जाए जा रहे थे बच्चे, आम के बागानों में कराया जाना था जोखिम भरा काम; आरपीएफ की कार्रवाई
अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो
बरहरवा (साहेबगंज) :
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन से सात नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इस मामले में एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह बच्चों को मजदूरी कराने के उद्देश्य से तमिलनाडु के सलेम ले जाने की तैयारी में था। आरपीएफ ने बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया है।

स्टेशन के प्रतीक्षालय से सात बच्चों को किया रेस्क्यू

जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 की रात आरपीएफ को सूचना मिली थी कि कुछ नाबालिग बच्चों को तस्करी कर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित प्रतीक्षालय में छापेमारी की। इस दौरान सात नाबालिग बच्चे मिले, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। कार्रवाई में स्वयंसेवी संस्था ‘मंथन’, बरहरवा की प्रतिनिधि अराधना मंडल भी शामिल थीं।

15 हजार रुपये प्रति बच्चे का था लालच

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तरी सरफराजगंज (फुदकीपुर) निवासी गुलाम रसूल (27) के रूप में हुई है। आरपीएफ की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी बच्चों को वनांचल एक्सप्रेस से पहले धनबाद और फिर दूसरी ट्रेन के जरिए तमिलनाडु के सलेम ले जाने की योजना बना रहा था।

आरोप है कि प्रत्येक बच्चे के बदले करीब 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। बच्चों से प्रतिदिन आठ से दस घंटे तक काम कराने की योजना थी। इसके बदले आरोपी को बागान मालिक से कमीशन मिलने की बात सामने आई है।

आम के बागानों में कराया जाना था जोखिम भरा काम

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बच्चों से सलेम के आम के बागानों में सफाई, आम तोड़ने और पेड़ों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की योजना थी। कीटनाशकों के संपर्क और लंबे समय तक काम कराने से बच्चों की सेहत पर गंभीर खतरा हो सकता था। रेस्क्यू किए गए सात बच्चों में एक की उम्र 13 वर्ष बताई गई है, जबकि अन्य छह बच्चे 15 से 17 वर्ष के बीच के हैं।

जीआरपी में प्राथमिकी, CWC के समक्ष होंगे बच्चे

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी गुलाम रसूल को जीआरपी बरहरवा के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी ने 28 नवंबर 2026 को कांड संख्या 65/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 143(5), 3(5) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75/81 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को संरक्षण, देखभाल और पुनर्वास के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

आरपीएफ ने आम लोगों से की अपील

आरपीएफ बरहरवा ने आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन या ट्रेनों में बच्चों को मजदूरी अथवा शोषण के उद्देश्य से ले जाने की कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।

छापेमारी टीम में शामिल रहे

कार्रवाई में आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार, कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार साह और स्वयंसेवी संस्था मंथन की प्रतिनिधि अराधना मंडल शामिल थीं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *