Skip to main content

Birsa Times

दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देने गिरिडीह पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देने गिरिडीह पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए इसे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है। सुदिव्य कुमार के योगदान और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व्यक्तिगत रूप से भी बेहद दुखी हैं। इससे पहले उन्होंने दिवंगत मंत्री को अपना भाई जैसा बताते हुए उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया था। सुदिव्य सोनू मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगियों में शामिल थे और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं में उनकी पहचान थी।

सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से JMM विधायक थे। वर्ष 2019 में पहली बार विधायक बनने के बाद 2024 में भी उन्होंने जीत दर्ज की थी। हेमंत सोरेन सरकार में उन्हें उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिली थी।

दिवंगत मंत्री के अंतिम दर्शन के लिए गिरिडीह में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राजनीतिक नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भी उन्हें अंतिम विदाई दी।

सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। राज्य सरकार ने उनके निधन पर दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *