-गयाजी से अमरेंद्र कुमार ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
कोंच (गयाजी)। कोंच प्रखंड के कइयाटांड़ गांव में सार्वजनिक रास्ते पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अंचलाधिकारी ऋतु सोनी के नेतृत्व में बुलडोजर चलाकर पांच मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, छह अन्य मकानों से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार,गांव निवासी कुंदन कुमार ने रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने को लेकर आवेदन दिया था। मामले में न्यायालय के निर्देश के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान अंचलाधिकारी ऋतु सोनी एवं कोंच थानाध्यक्ष आलोक रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की देखरेख में बुलडोजर से पांच मकानों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अंचलाधिकारी ऋतु सोनी ने बताया कि फिलहाल पांच मकानों को ध्वस्त किया गया है। शेष छह अन्य मकानों से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।
