रांची। रांची रेलवे स्टेशन पर सफर करने वाले सुनने में अक्षम यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म में बदलाव जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रेलवे स्टेशन पर जल्द ही डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली (DSLIS) शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से डिजिटल अवतार सांकेतिक भाषा में रेलवे की घोषणाओं और जरूरी सूचनाओं को प्रदर्शित करेगा।
20 LED स्क्रीन पर मिलेगी सांकेतिक भाषा में जानकारी
इस नई व्यवस्था के तहत रांची रेलवे स्टेशन परिसर में लगी सभी 20 LED स्क्रीन पर डिजिटल सांकेतिक भाषा की सुविधा उपलब्ध होगी। स्क्रीन पर दिखाई देने वाला डिजिटल अवतार यात्रियों को रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां इशारों के माध्यम से समझाएगा।
शुरुआत में यह प्रणाली हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में काम करेगी। हालांकि, इसे भविष्य में दूसरी भाषाओं के अनुकूल भी तैयार किया गया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे का पहला स्टेशन बनेगा रांची
इस पहल के साथ रांची झारखंड ही नहीं, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) का पहला स्टेशन होगा, जहां डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली लागू की जाएगी। रेलवे का लक्ष्य दिसंबर 2026 के अंत तक इस सुविधा को शुरू करने का है। फिलहाल इसके लिए खरीद प्रक्रिया चल रही है।
रेलवे के शब्दों और स्टेशनों के नाम का होगा डिजिटल शब्दकोश
इस प्रणाली में रेलवे से जुड़े सामान्य शब्दों और विभिन्न स्टेशनों के नाम के लिए विशेष डिजिटल शब्दकोश तैयार किया गया है। इसकी मदद से यात्री रेलवे की घोषणाओं में इस्तेमाल होने वाले तकनीकी शब्दों को भी सांकेतिक भाषा में समझ सकेंगे।
खास बात यह है कि किसी विशेष परिस्थिति में रेलवे की ओर से जारी किए जाने वाले लिखित संदेश भी सांकेतिक भाषा में प्रदर्शित किए जा सकेंगे। इससे प्लेटफॉर्म बदलने, ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय में बदलाव जैसी जानकारियां समझना आसान होगा।
बिना इंटरनेट के भी काम करेगी प्रणाली
डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली की एक और खासियत यह है कि इसके संचालन के लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी जरूरी नहीं होगी। यह बिजली आपूर्ति और बैकअप व्यवस्था के जरिए काम करेगी। ऐसे में इंटरनेट कनेक्शन में परेशानी होने पर भी यात्रियों को जरूरी सूचनाएं मिलती रहेंगी।
दिव्यांग यात्रियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
रांची रेलमंडल के सीनियर डीसीएम विनोद कुमार के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुनने में अक्षम यात्रियों को स्वतंत्र रूप से यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें रेलवे की घोषणाएं समझने के लिए दूसरे यात्रियों या कर्मचारियों की मदद लेने की जरूरत कम होगी।
रेलवे की यह पहल रांची स्टेशन को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुगम, सुविधाजनक और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
