-मामूली सी उंगली कटने पर लगाया इंजेक्शन, मुंह से निकला झाग, फिर लगाए दो और इंजेक्शन; रास्ते में ही तोड़ा दम
-मृतक की पत्नी की पहले ही हो चुकी है मौत, अपने पीछे 3 बेटे व 2 बेटियां हुईं अनाथ
गावां। गावां प्रखंड के बादीडीह गांव में झोलाछाप चिकित्सक के गलत इलाज से एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बादीडीह निवासी किशुन साव उर्फ कृष्णा साव (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में आक्रोश है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को काम के दौरान किशुन साव की अंगुली मामूली रूप से कट गई। घाव छोटा था, लेकिन इलाज के लिए वे गांव के ही एक झोलाछाप चिकित्सक के पास पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप ने बिना किसी जांच के उन्हें इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही किशुन साव की हालत बिगड़ने लगी। उनके मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन घबरा गए और चिकित्सक से हालत सुधारने को कहा, लेकिन चिकित्सक ने बजाय बड़े अस्पताल रेफर करने के दो और इंजेक्शन लगा दिए। इसके बाद किशुन साव अचेत हो गए।अचेतावस्था में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है। अब पिता की मौत के बाद उनके 3 बेटे व 2 बेटियां अनाथ हो गई हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गावां इलाके में झोलाछाप चिकित्सकों की भरमार है। बिना डिग्री के धड़ल्ले से क्लिनिक चल रहे हैं। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर व दवा की कमी के कारण गरीब लोग मजबूरी में इन्हीं के पास जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चिकित्सक पर कड़ी कार्रवाई, अवैध क्लिनिकों पर छापेमारी और अनाथ बच्चों को सरकारी मदद व मुआवजा देने की मांग की है। इस संबंध में गावां चिकित्सा प्रभारी नवीन कुमार ने कहा कि आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, परंतु जानकारी मिली है आवेदन प्राप्त होते ही विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी एवं प्रखंड के विभिन्न इलाकों में अवैध क्लीनिकों पर छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। वही इस संबंध में गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार ने कहा कि अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था, आवेदन प्राप्त हुई होते ही विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वही मामले को रफा दफा करने के लिए लेकर रात में ही विधिवत रुप से अंतिम संस्कार किया गया।
गावां के बादीडीह में झोलाछाप डॉक्टर की गलत इलाज से एक व्यक्ति की हुई मौत
