गिरिडीह। जिले के धनवार में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। धनवार स्थित यूको बैंक की शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया और करोड़ों रुपये के सोने- चांदी के जेवरात समेत लाखों रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि बैंक से महज कुछ ही दूरी पर थाना स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर दिनदहाड़े इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना को लेकर शाखा प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर पांच अपराधी बैंक में पहुंचे। सबसे पहले एक अपराधी हेलमेट पहनकर बैंक के अंदर दाखिल हुआ और कस्टमर लॉबी में खड़ा हो गया। इसके कुछ ही देर बाद उसके पीछे चार अन्य अपराधी नकाब पहनकर बैंक में घुस आए। सभी अपराधियों के पास हथियार थे। उन्होंने बैंक के कर्मचारियों और मौजूद ग्राहकों के कान पर बंदूक सटाकर उन्हें डराया और फिर सभी को एक कमरे में ले जाकर सेलोटेप से बांध दिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक में रखे करीब 3 से 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने- चांदी के जेवरात और 8 से 10 लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस बीच घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें संदिग्ध अपराधी दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार, एक अपाचे बाइक पर तीन लोग सवार नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी पल्सर बाइक पर दो लोग दिखाई दे रहे हैं। यानी दोनों मोटरसाइकिलों पर कुल पांच लोग नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे इन दृश्यों से अपराधियों के भागने के तरीके को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। अब पुलिस के सामने इन मोटरसाइकिलों और उन पर सवार संदिग्धों की पहचान करना बड़ी चुनौती है।दिनदहाड़े बैंक में हुई इस बड़ी लूट की घटना ने धनवार की कानून-व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर थाना से कुछ दूरी पर अपराधी इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम देकर फरार हो गए। बैंक में सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अपराधी इतनी बड़ी लूट करने में कैसे सफल रहे। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि धनवार में आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा, आखिर कब अपराधियों पर लगाम लगेगी और कब लोगों को सुरक्षित माहौल मिलेगा। पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटे गए सामान की बरामदगी की चुनौती है।
गिरिडीह के धनवार में यूको बैंक में दिनदहाड़े लूट, हथियार के बल पर करोड़ों के जेवर और नकदी ले उड़े अपराधी
- November 5, 2026
0
2
Less than a minute
You can share this post!
administrator
