गोमो : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान रेलवे टिकटों की अवैध दलाली के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षक प्रभारी RPF गोमो विमल कुमार के नेतृत्व में CIB धनबाद की टीम ने मधुबन स्थित सिद्धांतयतन चेरिटेबल स्प्रिचुअल होम धर्मशाला में छापेमारी कर एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। उसके पास से कुल 31 रेलवे टिकट बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 75 हजार रुपये बतायी गयी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भाविक जसवंत (33 वर्ष) के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के मुंबई का रहने वाला है। छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और अवैध दलाली पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत CIB धनबाद और RPF गोमो की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
31 टिकटों की कीमत 1.75 लाख रुपये
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से 31 रेलवे टिकट बरामद किए गए। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1,75,000 रुपये आंकी गई है। रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर टिकटों को जब्त कर लिया।
रेलवे न्यायालय में पेश किया गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी और जब्त रेलवे टिकटों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे न्यायालय, धनबाद के समक्ष प्रस्तुत किया गया। RPF की इस कार्रवाई से अवैध टिकट कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा है।
