Skip to main content

Birsa Times

विचाराधीन कैदी से अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप, जेल IG के निर्देश पर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा पहुंची जांच टीम

विचाराधीन कैदी से अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप, जेल IG के निर्देश पर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा पहुंची जांच टीम

रांची : राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में जांच तेज हो गई है। जेल महानिरीक्षक (IG) सुदर्शन मंडल के निर्देश पर विभागीय जांच टीम शुक्रवार को जेल पहुंची। जांच दल का नेतृत्व निदेशक ज्ञान शंकर जायसवाल कर रहे हैं। टीम में प्रोबेशन अधिकारी चंद्रमौली सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

जेल के भीतर बंदी के साथ यौन हिंसा की कथित घटनाओं को लेकर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित के पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे को जेल में नशीला पदार्थ पिलाकर तीन बार अप्राकृतिक यौनाचार का शिकार बनाया गया। शिकायत के अनुसार, ये घटनाएं जनवरी 2026 से 12 जून 2026 के बीच हुईं।

जेल प्रशासन पर भी गंभीर आरोप

पीड़ित के पिता का आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदियों ने उनके बेटे के साथ यौन हिंसा की। इसके अलावा जेल प्रशासन के अधिकारियों पर भी शिकायतों को नजरअंदाज करने और मामले को दबाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के मुताबिक, पीड़ित ने जेल के वार्ड प्रभारी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कथित तौर पर आवेदन फाड़ दिया गया। पीड़ित ने जेल अस्पताल में इलाज नहीं मिलने का आरोप भी लगाया है।

जनवरी से जून के बीच तीन बार यौनाचार का आरोप

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित युवक जनवरी 2026 से 12 जून 2026 तक बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में विचाराधीन बंदी के रूप में बंद था। आरोप है कि जेल के भीतर आपराधिक गिरोह के सदस्यों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर तीन अलग-अलग मौकों पर अप्राकृतिक यौनाचार किया।

पीड़ित के पिता के अनुसार, जेल से रिहा होने के बाद उनका बेटा मानसिक सदमे में था। पूछताछ करने पर उसने जेल के भीतर अपने साथ हुई कथित घटनाओं की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद पिता ने खेलगांव थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

14 लोगों को बनाया गया है आरोपी

इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें जेल के भीतर बंद आपराधिक गिरोह के कथित सदस्य और जेल प्रशासन से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। शिकायत में जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल IG ने विभागीय जांच का आदेश दिया है। अब जांच टीम जेल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। जांच में जेल के संबंधित वार्डों, बंदियों और अधिकारियों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *