बरहेट। थाना क्षेत्र के कुसमा शिव मंदिर के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान उसकी गोद में बैठा करीब दो वर्षीय बच्चा बाल-बाल बच गया। मृतका की पहचान धर्मी पहाड़िन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, धर्मी पहाड़िन अपने मायके भोगनाडीह के चुकली माको से भाई के साथ बाइक पर सवार होकर ससुराल मैटर मांझी टोला जा रही थी। इसी दौरान कुसमा शिव मंदिर के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक पर पीछे बैठी धर्मी सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर थाने ले गई।
आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
