-45 परीक्षाओं पर कार्रवाई को छात्रों ने बताया आंदोलन की बड़ी सफलता, अब पेपर लीक और नौकरी की खरीद-फरोख्त रोकने की मांग
रांची। जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले चलाए गए भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान की सफलता के बाद बुधवार को देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में आभार यात्रा निकाली गई। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्रों ने अबीर-गुलाल लगाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। आभार यात्रा के दौरान जयपाल सिंह मुंडा और शहीद अल्बर्ट एक्का को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद छात्रों ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। छात्रों का कहना था कि लंबे आंदोलन के बाद भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठाए गए कदम उनके संघर्ष की बड़ी सफलता हैं।
45 परीक्षाओं पर हुई कार्रवाई
अभियान के तहत कुल 45 परीक्षाओं पर कार्रवाई की गई। इनमें 22 परीक्षाएं रद्द की गईं, 17 परीक्षाओं की जांच चल रही है, जबकि छह परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। छात्रों ने इसे झारखंड के छात्र आंदोलन की ऐतिहासिक जीत बताया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि भविष्य में पेपर लीक और नौकरियों की खरीद-फरोख्त जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सके।
47 दिनों के संघर्ष के बाद मिली सफलता
मंच के अनुसार, इस सफलता के पीछे लंबे संघर्ष की अहम भूमिका रही। 2 जुलाई से 47 दिनों तक अभियान चलाया गया। 5 जुलाई से 44 दिनों तक आंदोलन, 25 जुलाई से 24 दिनों तक सत्याग्रह और 2 अगस्त से 16 दिनों तक भूख हड़ताल की गई। देवेंद्र नाथ महतो के साथ कई छात्र-छात्राएं भी भूख हड़ताल में शामिल हुए और आंदोलन को मजबूती दी। आभार यात्रा के दौरान छात्रों ने कहा कि झारखंड के युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष की ताकत दिखाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य में होने वाली सभी नियुक्ति परीक्षाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से आयोजित की जाएंगी।

