-कांग्रेस नेता संजर खान के निरीक्षण के बाद ग्रामीणों को मिली राहत, मरम्मती कार्य तेज
-संवाददाता/राँची जिला व्यूरो/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची। कांके प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार 6 सितंबर को राहत की खबर सामने आई है। शुक्रवार, 4 सितंबर को कांग्रेस नेता एवं कांके प्रखंड अध्यक्ष संजर खान द्वारा ग्रामीण इलाकों की जर्जर सड़कों का निरीक्षण किए जाने के महज दो दिन बाद सड़क मरम्मती का काम शुरू हो गया है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को भरने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। मरम्मती कार्य के तहत होचर से मुरूम को जोड़ने वाली सड़क के अलावा हुसीर से मुरूम बाजार ताड़ होते हुए सात कानदु और कुम्हारिया जाने वाली सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। लंबे समय से इन सड़कों की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
बारिश में और बदहाल हो गई थी सड़क की स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन जाने के कारण दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी होती थी। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई थी। इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस नेता संजर खान ने 4 सितंबर को संबंधित क्षेत्रों का दौरा कर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सड़क की समस्याओं की जानकारी ली और जल्द से जल्द मरम्मती कार्य कराने की दिशा में पहल की।
गड्ढे भरने के बाद जल्द पक्की सड़क बनने की उम्मीद
फिलहाल सड़कों के गड्ढों को भरने और आवश्यक मरम्मती का कार्य किया जा रहा है। वहीं, आने वाले दिनों में इन सड़कों के पक्कीकरण का निर्माण कार्य शुरू होने की बात कही जा रही है। यदि पक्की सड़क का निर्माण पूरा होता है तो होचर, मुरूम, हुसीर, सात कानदु और कुम्हारिया सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी काफी हद तक निजात मिलेगी। बेहतर सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।
स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मती शुरू होने पर जताई खुशी
सड़क मरम्मती का काम शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत जताई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि गड्ढों की अस्थायी मरम्मती के बाद जल्द ही पक्की सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी। इस दौरान शकील आजाद, नौशाद आलम, फिरोज अहमद, लालचंद सोनू, राजू कुमार डे, समाज सेवी मो० हिफ्जुल रहमान, ऐनुल अंसारी, खुशमुदीन अंसारी, इस्तियाक समेत अन्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।

