Skip to main content

Birsa Times

हंटरगंज थाना क्षेत्र में अजूबा चोरी, छत पर सोता रहा परिवार, चोरों ने रातोंरात घर कर दिया साफ

हंटरगंज थाना क्षेत्र में अजूबा चोरी, छत पर सोता रहा परिवार, चोरों ने रातोंरात घर कर दिया साफ

-जिरहुलिया में लाखों की चोरी से हड़कंप, नकदी-जेवरात लेकर चंपत हुए चोर
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा :
हंटरगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। जबड़ा पंचायत के जिरहुलिया गांव में गुरुवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि घर के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब घर से करीब 200 मीटर दूर टूटे बक्से और बिखरे कपड़े मिले, तब घटना का खुलासा हुआ।ग्रामीणों के अनुसार, चोर बांस के सहारे छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते घर के अंदर दाखिल हो गए। कमरों में दरवाजे नहीं होने के कारण उन्हें सामान तक पहुंचने में आसानी हुई। चोर घर में रखे बक्से और बैग लेकर फरार हो गए। सुबह ग्रामीण शौच के लिए निकले तो घर से कुछ दूरी पर तीन बक्से और एक बैग पड़ा मिला। बक्सों के ताले टूटे हुए थे और कपड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे। इसके बाद गांव में शोर मचा तो पता चला कि बलकेश यादव के घर चोरी हुई है।

पति बाहर मजदूरी करता है, घर में सो रही थी पत्नी और बच्चे
भुक्तभोगी पूजा देवी ने बताया कि रात में वह अपने दो बेटों के साथ घर की छत पर सो रही थीं। उनके पति बलकेश यादव सिरसा में रहकर मजदूरी करते हैं। रात में चोर कब घर में घुसे और सामान लेकर निकल गए, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं हुई। पूजा देवी के अनुसार, चोर घर से 15 हजार रुपये नकद, सोने की कानबाली, मांगटीका, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, नाक की नथिया समेत अन्य जेवरात ले गए। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

नशीला पदार्थ देने की भी आशंका, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों को आशंका है कि चोरों ने परिवार को नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि, इसकी अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।सूचना मिलने पर हंटरगंज थाना के एएसआई संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से जानकारी ली। मुखिया प्रतिनिधि चैतु यादव भी मौके पर पहुंचे और घटना पर चिंता जताई। घर में चोरी की इस घटना से गांव के लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। भुक्तभोगी की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चोरी की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *