Skip to main content

Birsa Times

एंबुलेंस का इंतजार करते-करते थम गई 10 साल की बिरहोर बच्ची की सांस, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

एंबुलेंस का इंतजार करते-करते थम गई 10 साल की बिरहोर बच्ची की सांस, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

धनबाद। झारखंड में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। धनबाद जिले के तोपचांची प्रखंड में 10 वर्षीय बिरहोर बच्ची पुष्पा कुमारी की एंबुलेंस का इंतजार करते-करते मौत हो गई। बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद के अस्पताल में रेफर किया गया था, लेकिन परिजनों और सहिया की ओर से कई बार फोन करने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। आखिरकार बच्ची ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बुखार और पैर में सूजन की थी शिकायत

घटना तोपचांची प्रखंड की दुमदुमी पंचायत स्थित चलकरी बिरहोर टोला की है। पुष्पा कुमारी पांचवीं कक्षा की छात्रा थी और महावीर बिरहोर की बेटी थी। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद वह चलकरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। वहां डॉक्टरों ने जांच और उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद रेफर कर दिया।

चार-पांच बार फोन करने पर भी नहीं पहुंची एंबुलेंस

बच्ची को धनबाद ले जाने के लिए सहिया पनवा देवी ने 108 एंबुलेंस सेवा पर चार-पांच बार फोन किया। परिजनों का कहना है कि देर रात तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। परिवार के लोग बच्ची को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन का इंतजार करते रहे। इसी बीच रात करीब 11 बजे पुष्पा की मौत हो गई।

पुष्पा की चाची फूलमनी ने बताया कि बच्ची की हालत लगातार बिगड़ रही थी। परिवार को उम्मीद थी कि एंबुलेंस पहुंचने के बाद उसे बेहतर इलाज मिल सकेगा, लेकिन इंतजार खत्म होने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं।

क्षेत्र की चार 108 एंबुलेंस में दो की हालत खराब

चिकित्सा प्रभारी डॉ. श्वेता गुंजन ने बताया कि क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा सुचारू रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही है। यहां कुल चार 108 एंबुलेंस हैं, जिनमें से दो की स्थिति ठीक नहीं है। इसके अलावा दो ममता वाहन भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि पुष्पा सुबह चलकरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। उस समय डॉ. सुप्रिया अस्पताल में मौजूद थीं। बच्ची ने बुखार और पैर में सूजन की शिकायत की थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे धनबाद रेफर करने का कागज तैयार किया गया था। घटना के बाद चिकित्सकों की तीन सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची थी।

सिविल सर्जन ने बताई अलग बात

धनबाद के सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद ने घटना पर अलग जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रात करीब 12 बजे एंबुलेंस के लिए कहा गया था, लेकिन उस समय तत्काल व्यवस्था नहीं हो सकी।

सिविल सर्जन के अनुसार, बच्ची का एक दिन पहले तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी इलाज हुआ था। अगले दिन वह झील की तरफ गई थी। वहां से लौटने के बाद उसने पैर में दर्द की शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि परिजनों ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया और बाद में बच्ची की तबीयत बिगड़ गई।

हालांकि, परिजनों और सहिया की ओर से एंबुलेंस के लिए बार-बार फोन किए जाने तथा चिकित्सा प्रभारी द्वारा क्षेत्र की दो एंबुलेंस खराब होने की जानकारी दिए जाने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *