- मुफस्सिल थाना क्षेत्र का मामला
- दरियापुर जमीन विवाद मामले में पुलिस जांच में सही पाए गए आरोप
- एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू
रंजीत कुमार विद्यार्थी
मुंगेर: जिलें के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मय दरियापुर गांव में जमीन विवाद एवं हिंसक झड़प के मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुफस्सिल थाना कांड संख्या 307/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना के जांच अधिकारी स०अ०नि० विरेन्द्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक मुंगेर को लिखित रिपोर्ट (ज्ञापांक 9698/26) प्रेषित की है।
चौकीदार संग घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों से ली जानकारी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आदेशानुसार, मुफस्सिल थाना पुलिस ने स्थानीय महाल चौकीदार के साथ घटनास्थल का दौरा किया। जांच अधिकारी ने गांव के लोगों से गुप्त और प्रत्यक्ष दोनों तरीकों से पूछताछ की। पुलिस की इस गहन छानबीन में पीड़ित द्वारा आवेदन में लगाए गए सभी आरोप सही पाए गए।
मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल पर गुहार के बाद हुई कार्रवाई
पीड़ित राहुल कुमार (पिता: स्व० संजय चौधरी, सा० दरियापुर) ने मामले को लेकर 28 जून 2026 को मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल पर आवेदन (रजि० नं० REF 478935) दिया था। इसके आधार पर एसपी कार्यालय (ज्ञापांक 1665/लो०शि०नि०) से थाना स्तर पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश जारी हुआ था।
