Skip to main content

Birsa Times

घर में सो रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग की सांप काटने से मौत, झाड़-फूंक में बीता समय

घर में सो रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग की सांप काटने से मौत, झाड़-फूंक में बीता समय
  • स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
    रंजीत विद्यार्थी
    मुंगेर :
    जिलें के धरहरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर रामसरिया टोला में सोमवार की देर रात जहरीले सांप के काटने से एक 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहनपुर रामसरिया टोला निवासी स्वर्गीय बिश्वनाथ मोदी का पुत्र अमरनाथ मोदी (61 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके परिवार में एक पुत्र एवं एक पुत्री हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, अमरनाथ मोदी सोमवार की रात अपने घर में फर्श पर अपनी दो पोतियों के साथ सोए हुए थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे एक जहरीला सांप उनके बाएं कान में काटकर भाग गया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल गांव स्थित भगवती स्थान ले गए, जहां सुबह करीब पांच बजे तक झाड़-फूंक का पारंपरिक उपचार कराया गया। हालांकि उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
    इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए धरहरा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की, लेकिन जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव को वापस घर ले आए। वहीं घटना की सूचना मिलने पर धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया।
    इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। बरसात के मौसम में सांपों के बढ़ते खतरे को देखते हुए ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *