Skip to main content

Birsa Times

रामगढ़ में सनसनी: दामोदर नदी किनारे मिला युवक का खून से लथपथ शव, धारदार चाकू से गोदकर हत्या

रामगढ़ में सनसनी: दामोदर नदी किनारे मिला युवक का खून से लथपथ शव, धारदार चाकू से गोदकर हत्या

रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र के न्यू बगीचा स्थित दामोदर नदी के पास मंगलवार की देर रात एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहन छानबीन में जुट गई है।

मृतक की पहचान झंडा चौक, कुम्हार टोली निवासी सुमित अग्रवाल (पिता स्व. संतोष अग्रवाल) के रूप में हुई है। डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम राजा ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार की सुबह दामोदर नदी जाने वाले पीसीसी पथ के किनारे खून से सना हुआ एक शव बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया यह साफ तौर पर हत्या का मामला प्रतीत होता है, जिसे किसी तेज धारदार हथियार यानी चाकू से गोदकर अंजाम दिया गया है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम करीब सात बजे से अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता था। पूरी रात परेशान परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। आखिरकार बुधवार की सुबह जब स्थानीय लोगों ने न्यू बगीचा के पास दामोदर नदी रोड के किनारे शव देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रामगढ़ पुलिस को दी। खबर मिलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना पाते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के मिलने के बाद मौत के कारणों और अन्य रहस्यों से पूरी तरह पर्दा उठ जाएगा। पुलिस फिलहाल आपसी रंजिश, प्रेम प्रसंग या अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने का दावा कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *