Skip to main content

Birsa Times

ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह, दो बाइकों की आपस के टक्कर में चार युवक गंभीर घायल

ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह, दो बाइकों की आपस के टक्कर में चार युवक गंभीर घायल

पतना। पतना थाना क्षेत्र के बिशनपुर रोड स्थित विजयपुर के समीप मंगलवार देर रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार के कारण दो बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहरवा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान बिशनपुर निवासी भविश ठाकुर (26 वर्ष), वाहिद अली (25 वर्ष), कृष्ण दास (20 वर्ष) और इमरान अंसारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है। भविश ठाकुर के बाएं हाथ और पैर में गंभीर चोट आई है। वाहिद अली के दाहिने हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोट लगी है। कृष्ण दास के दोनों पैर टूट गए हैं, जबकि इमरान अंसारी के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक काफी तेज गति से चल रही थीं। ओवरस्पीडिंग के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और किसी तरह घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन द्वारा समय-समय पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाता है। इसके बावजूद कई युवा तेज रफ्तार में बाइक चलाने से बाज नहीं आते, जिसका खामियाजा इस तरह के गंभीर हादसों के रूप में सामने आता है। लोगों ने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *