संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) का लगभग बीस वर्ष पुराना भवन अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बुधवार को भवन की छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया।इस दौरान वहां मौजूद बीआरपी अनिल राम उसके नीचे आने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद भवन में कार्यरत कर्मियों एवं शिक्षकों में दहशत का माहौल है।बताया गया कि भवन की स्थिति लंबे समय से खराब है। विशेषकर कंप्यूटर कक्ष की छत से बारिश के दिनों में लगातार पानी टपकता रहता है,जिससे कंप्यूटर एवं अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। कर्मचारियों ने बताया कि कई बार इसकी मरम्मत कराने की मांग की गई,लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।बीआरपी अनिल राम एवं शिक्षक नित्यानंद तिवारी ने कहा कि भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसका शीघ्र नवनिर्माण अथवा व्यापक मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने संबंधित विभाग से इस मामले में अविलंब कार्रवाई करने की मांग की है।

