-मां की डांट के बाद घर छोड़कर चला गया था 15 वर्षीय किशोर
-पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी विपिन कुमार व एसआई वीर बहादुर सिंह की सक्रियता से सकुशल हुई घर वापसी, परिजनों ने जताया आभार
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के बहेरी गांव से एक भावुक और सुखद खबर सामने आई है। करीब एक वर्ष पहले पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर घर छोड़ने वाला 15 वर्षीय किशोर विकास कुमार आखिरकार सकुशल अपने परिवार के बीच लौट आया। बेटे को सामने देखकर माता-पिता की आंखें खुशी से नम हो गईं और पूरे परिवार में जश्न जैसा माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, बहेरी गांव निवासी राजदेव यादव का पुत्र विकास कुमार 15 जुलाई 2025 को घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार थक-हारकर उन्होंने हंटरगंज थाना में आवेदन देकर बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई।मामला दर्ज होने के बाद पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी विपिन कुमार ने इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कराई। उनके निर्देशन में एसआई वीर बहादुर सिंह ने लगातार तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। पुलिस की सक्रियता और लगातार प्रयासों का ही परिणाम रहा कि किशोर का सुरक्षित पता लगाकर उसे सकुशल बरामद कर लिया गया और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।करीब एक साल बाद बेटे के घर लौटने से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। माता-पिता ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे के मिलने की उम्मीद लगभग टूट चुकी थी, लेकिन हंटरगंज पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और अथक प्रयासों ने उनके परिवार को फिर से एक कर दिया।इस सफलता के बाद क्षेत्र में भी हंटरगंज पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने केवल एक लापता किशोर को बरामद नहीं किया, बल्कि एक बिखरे हुए परिवार की खुशियां भी वापस लौटा दीं। थाना प्रभारी विपिन कुमार और एसआई वीर बहादुर सिंह की सक्रिय भूमिका लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
हंटरगंज पुलिस की पहल से एक साल बाद परिवार से मिला लापता किशोर
