आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
छतरपुर,(पलामू)। छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बने सामुदायिक शौचालय के निर्धारित समय पर नहीं खुलने से आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शुक्रवार को सुबह 8 बजकर 15 मिनट तक कई लोग शौचालय गया तो बंद पाया गया। इसके साथ- साथ दिन के समय भी कई बार शौचालय बंद रहता है, जिससे विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत होती है। इस समस्या को लेकर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि सामुदायिक शौचालय जनता की सुविधा के लिए बनाया गया है, लेकिन समय पर इसका संचालन नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं नगर पंचायत प्रशासन से शौचालय को निर्धारित समय पर नियमित रूप से खुलवाने तथा साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की। स्थानीय नागरिकों ने भी कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे नगर पंचायत प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराएंगे। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान कर आमजन को राहत देने की अपील की।
छतरपुर :सामुदायिक शौचालय समय पर नहीं खुलने से राहगीर परेशान, नगर उपाध्यक्ष ने जताई नाराज़गी
