Skip to main content

Birsa Times

पलामू में सनसनीखेज खुलासा अवैध करंट से युवक की।मौत के बाद शव को कोयल नदी की बालू में दफनाया, दो आरोपी गिरफतार

पलामू में सनसनीखेज खुलासा अवैध करंट से युवक की।मौत के बाद शव को कोयल नदी की बालू में दफनाया, दो आरोपी गिरफतार

एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, छह अन्य की तलाश जारी
आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता/मोहम्मद शमीम
उंटारी रोड,(पलामू)।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में उंटारी रोड थाना पुलिस ने कोयल नदी की बालू में दफन मिले युवक के शव मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान तथा साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि अवैध रूप से 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन से करंट प्रवाहित कर सूअर का शिकार करने के दौरान युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को कोयल नदी की बालू में दफना दिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को सतबहिनी पंचायत के समीप कोयल नदी की बालू में दबा एक शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान शेखडीहा निवासी सचिन कुमार साह के रूप में हुई। मृतक की मां ललिता देवी के आवेदन पर उटारी रोड थाना कांड संख्या-37/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त करीब 50 फीट लोहे का तार तथा छह लकड़ी के खूंटे बरामद किए गए। इस मामले में कमल रजवार उर्फ बबलू एवं रामजी रजवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य छह नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रेसवार्ता में एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने कहा कि अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर शिकार करना गंभीर अपराध है। इस घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक राम आशीष पासवान, उटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी, पुलिस अवर निरीक्षक राजवर्धन तथा उटारी रोड थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *