Skip to main content

Birsa Times

बड़हरवा–साहिबगंज पैसेंजर ट्रेन के शौचालय से 41 बोतल अवैध शराब बरामद, आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

बड़हरवा–साहिबगंज पैसेंजर ट्रेन के शौचालय से 41 बोतल अवैध शराब बरामद, आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो आदिवासी एक्सप्रेस
बरहरवा,
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बड़हरवा ने अवैध मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़हरवा–साहिबगंज पैसेंजर ट्रेन के एक सामान्य कोच के शौचालय से लावारिस हालत में छिपाकर रखी गई 41 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, साहिबगंज को सौंप दिया गया।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 जुलाई 2026 को आईपीएफ संजीव कुमार एवं आईपीएफ एस. राय के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा, आरपीएफ सीआईबी मालदा तथा सीपीडीएस टीम ने ट्रेन संख्या 53411 बड़हरवा–साहिबगंज पैसेंजर में सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कोच संख्या NR/094522 के तृतीय सामान्य डिब्बे के न्यू फरक्का छोर स्थित शौचालय की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान शौचालय के वॉल प्रोटेक्टर के भीतर छिपाकर रखा गया हल्के नीले रंग का एक हैंड कैरी बैग बरामद हुआ। टीम ने बैग के स्वामी की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद कोई दावेदार सामने नहीं आया। इसके बाद बैग की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब बरामद हुई।

बरामद शराब में ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की (375 मिलीलीटर) की 8 बोतलें तथा झारखंड रॉयल सी. लिकर (300 मिलीलीटर) की 33 बोतलें शामिल हैं। कुल 41 बोतलों में लगभग 12.9 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,785 बताई गई है।

आरपीएफ ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त शराब को आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा लाकर सुरक्षित रखा तथा लिखित शिकायत के साथ अग्रेतर कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, साहिबगंज को सुपुर्द कर दिया।

इस संयुक्त अभियान में आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा के अलावा सीआईबी मालदा से सहायक उपनिरीक्षक रवि शंकर यादव एवं हेड कांस्टेबल सपन कुमार घोष, जबकि सीपीडीएस टीम से उपनिरीक्षक पार्थो मिश्रा ने सक्रिय भूमिका निभाई। रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि ट्रेनों में अवैध शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए आगे भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *