रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, विसंगतियों तथा अपनी लंबित मांगों को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा आज सड़कों पर फूटेगा। इसके विरोध में आज शाम 3 बजे रांची में एक बड़े पैमाने पर ‘संविधान यात्रा’ निकाली जाएगी। यह मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर फिरायालाल चौक तक जाएगी, जिसमें राज्यभर के दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन और मार्च को पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखने के साथ ही कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े और व्यापक इंतजाम किए हैं। एहतियात के तौर पर राजभवन समेत शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। शहीद चौक, फिरायालाल चौक, कचहरी चौक, राजभवन और मोरहाबादी की ओर जाने वाले कई रास्तों को एक तरफ से पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
प्रशासनिक तैयारियों के तहत अकेले जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के आसपास करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, संवेदनशील माने जा रहे राजभवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी विशेष बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन का साफ कहना है कि इस यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके और स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा सके।
