आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
पाटन,(पलामू): पलामू जिले के पाटन प्रखंड अंतर्गत पांडेपुरा गांव में रविवार को एक अर्धनिर्मित मकान से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सहदेवा गांव निवासी प्रभात कुमार मेहता (25 वर्ष), पिता ठाकुर दयाल मेहता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पांडेपुरा गांव स्थित खरगोश भुईयां के अर्धनिर्मित मकान में युवक का शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी एवं लेस्लीगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, मृतक प्रभात कुमार मेहता के पिता ठाकुर दयाल मेहता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर 25 जुलाई 2026 को पाटन थाना में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। उसी मामले की जांच के दौरान अब युवक का शव बरामद होने से घटना ने नया मोड़ ले लिया है।फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पाटन थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा अपहरण कांड और शव बरामदगी के बीच संबंध सहित सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच जारी है।
पाटन के पांडेपुरा गांव में अर्धनिर्मित मकान से युवक का शव बरामद, अपहरण का मामला पहले से था दर्ज
