Skip to main content

Birsa Times

परीक्षा देकर लौट रहे युवक की ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत

परीक्षा देकर लौट रहे युवक की ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत

आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
गिरिडीह।
पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की रविवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि उमेश देवघर में आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा देकर बाइक से अपने घर जा रहा था, तभी परियाना गांव के पास पचंबा–जमुआ मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक ने युवक को कुछ दूरी तक घसीटा, जिससे घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर मौके पर मौजूद घायल हालत में उमेश को तुरंत एम्बुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार चालक घटना के बाद ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पाते ही पचंबा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथला-नावाडीह के पास उस ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए कड़ी छापेमारी एवं पूछताछ जारी है।

बताया जा रहा है कि मृतक की शादी मात्र सात महीने पहले हुई थी, जिसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम छा गया है। सदर अस्पताल पर परिजनों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, पत्नी और परिजन कराहते रहे जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर शव रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और आगजनी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को सरकारी मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, दोषी ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा उस मार्ग पर प्रभावी सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। घटना स्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *