झारखंड के चतरा जिले के कुन्दा प्रखंड से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बरवाडीह गांव के 45 वर्षीय बुधन भारती ने कथित तौर पर दो जिंदा सांप निगल लिए। बताया जा रहा है कि वह तीसरे सांप को भी निगलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे रोक दिया।
इसके बाद उसने तीसरे सांप को मार दिया और उसे अपने साथ प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंच गया। अस्पताल में मृत सांप को देखकर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि फिलहाल व्यक्ति की हालत सामान्य है और उसके शरीर में विषैले प्रभाव के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। परिजनों के अनुसार, सांप निगलने के बाद उसने शराब भी पी थी।
यह अजीब घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विषैले जीव के संपर्क में आने या उसके काटने की स्थिति में अंधविश्वास न करें और तुरंत अस्पताल जाकर इलाज कराएं।
दो जिंदा सांप निगल गया शख्स, तीसरे सांप को लेकर अस्पताल पहुंचा, डॉक्टर भी रह गए हैरान
