Birsa Times

चतरा में जमीन विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या

चतरा में जमीन विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या

खेत की जुताई के दौरान हुआ खूनी संघर्ष, भाई-भतीजा समेत महिलाओं ने लाठी-डंडों से हमला कर ली जान,
-एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी जारी
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के डटमी गांव में वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया। खेत की जुताई के दौरान हुए विवाद में एक अधेड़ की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।जानकारी के अनुसार, डटमी गांव निवासी कैलाश यादव और उनके भाई विलास यादव के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।विवादित भूमि को लेकर कई बार गांव स्तर पर पंचायत भी हुई, लेकिन किसी प्रकार का स्थायी समाधान नहीं निकल सका। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब नौ बजे कैलाश यादव विवादित खेत में हल-बैल से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और जुताई का विरोध करने लगे।प्रत्यक्षदर्शियों एवं परिजनों के अनुसार, मृतक तलवार भी रखा था देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि कैलाश यादव उस समय खेत में अकेले थे, जिसका फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह खेत में ही गिर पड़े। आरोप है कि उन्हें तब तक पीटा गया, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने विलास यादव, मिथलेश यादव, मालों देवी, सुनीता देवी और मनीष कुमार पर सामूहिक रूप से जानलेवा हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।सूचना मिलने के बाद हंटरगंज थाना सब इंस्पेक्टर नितेश प्रसाद और भोला साह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की पुष्टि हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जमीन संबंधी विवाद यदि समय रहते कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से नहीं सुलझाए जाएं तो वे गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। छोटी-सी कहासुनी भी हिंसा में बदलकर किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि ऐसे विवादों का समाधान बातचीत, पंचायत और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से कराया जाए। वहीं आम लोगों को भी कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित प्रशासनिक और न्यायिक संस्थाओं का सहारा लेना चाहिए। हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि नए दुख और अपराध को जन्म देती है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *