श्रावणी मेला में दहशत फैलाने की थी साजिश, देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद
देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर: श्रावणी मेला के दौरान दुकानदारों-व्यवसायियों को भयभीत कर रंगदारी वसूलने और हत्या-जमीन कब्जा जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले सौरभ पलिवार गैंग के तीन शार्प शूटरों को देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई में गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग के गुर्गे मोटरसाइकिल पर सवार होकर सदर अस्पताल रोड पर हथियार लहराकर दहशत फैला रहे हैं। इससे पहले इन्हें रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा में भी हथियार लहराते देखा गया था। सूचना पर पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देशानुसार टीम गठित कर छापामारी की गई।
हरिसरनम कुटिया से हुई गिरफ्तारी
06.07.2026 की रात 8:55 बजे मिली सूचना के आधार पर टीम ने हरिसरनम कुटिया के पास बैठकर योजना बनाते तीनों अपराधकर्मियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक अवैध देशी कट्टा, 3 जिंदा 8 MM के कारतूस और अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल JH15AJ-6266 बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 1. रोशन कुमार झा उर्फ सुचा, 20 वर्ष, पिता पवन झा, बैद्यनाथपुर बंधा, थाना रिखिया 2. विजय गुप्ता उर्फ विजय चौहान, 19 वर्ष, पिता शेखर प्रसाद साह, हाथी पहाड़, थाना कुण्डा और 3. अमित कुमार यादव, 19 वर्ष, पिता मुन्ना महतो, बैद्यनाथपुर चौक, थाना कुण्डा के रूप में हुई है।
आरोपियों पर दर्ज हैं कई संगीन मामले
रोशन झा पर रिखिया थाना कांड संख्या 59/24 व 113/25 तथा नगर थाना कांड 24/26 आर्म्स एक्ट और BNS की विभिन्न धाराएं दर्ज हैं। वहीं विजय चौहान पर कुण्डा थाना कांड 212/25, 213/25 और देवघर नगर थाना कांड 181/26 दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ देवघर नगर थाना कांड संख्या 262/2026, दिनांक 06.07.2026, धारा 111(2)/111(3)/308(4)/61(2)(ए)/3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं 25(1-बी)ए/26/35/25 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापामारी दल में पु0नि0 सह थाना प्रभारी रवि कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पु0अ0नि0 शंकर कुमार रजक, धनश्याम गंजू, मुकेश कुमार, मुकेश कुमार तिवारी, सुमन्त प्रसाद, ओम प्रकाश सिंह, अनु0 कर्ता मिथलेश कुमार एवं नगर थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
देवघर पुलिस ने सौरभ पलिवार गैंग के 3 शार्प शूटरों को दबोचा
