Birsa Times

कुटुंबा थाना अंतर्गत रसोईया गांव के नजदीक स्कूटी सवार व्यक्ति को अज्ञात अपराधीयो ने मारी गोली।

कुटुंबा थाना अंतर्गत रसोईया गांव के नजदीक स्कूटी सवार व्यक्ति को अज्ञात अपराधीयो ने मारी गोली।

रिपोर्ट- प्रमोद कुमार सिंह

कुटुंबा (औरंगाबाद) :- कुटुंबा थाना अंतर्गत अंबा-नबीनगर मुख्य पथ पर रसोईया गांव के पास अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यह घटना सोमवार की सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है। घायल की पहचान चिंतावन बीघा गांव निवासी सुनील पांडेय उर्फ अरुण पांडेय के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब वे बेटे की शादी का सामान खरीद कर वापस घर लौट रहे थे। आज ही उनके घर से पटना के लिए बारात रवाना होनी थी।
घायल के भाई प्रमोद पांडेय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें अनजान नंबर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। फोन करने वाले का कहना था कि वे उस लड़की से अपने बेटे की शादी न करें। सुनील पांडेय ने इन धमकियों को गंभीरता से नहीं लिया और शादी की तैयारियों में जुटे रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी स्विफ्ट कार पर सवार थे। उन्होंने जानबूझकर सुनील पांडेय की स्कूटी को धक्का मारा। जैसे ही वे सड़क पर गिरे, अपराधियों ने उनके सिर को निशाना बनाकर गोली दाग दी। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और गोली उनके सिर के बजाय आंख के नीचे जा लगी।
सूचना मिलते ही कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम और अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों और धमकी देने वाले नंबरों की जांच शुरू कर दी है। घर में जहां शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *