Birsa Times

हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान की हुई मौत।

हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान की हुई मौत।

रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह

औरंगाबाद :- जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत जाखीम पड़रिया गांव में शुक्रवार सुबह हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राजेश महतो रोज की तरह शुक्रवार सुबह घर से करीब 700 मीटर दूर स्थित बधार में कृषि कार्य करने गए थे। इसी दौरान पहले से टूटकर जमीन पर पड़े 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। एसआई कौशलेंद्र कुमार सिंह, एसआई सुधांशु कुमार, एसआई शमा परवीन सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक राजेश महतो खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी केसरी देवी, पुत्र कृष्ण कुमार तथा दो पुत्रियां रिंकी देवी और सविता कुमारी हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली का तार पहले से ही टूटकर जमीन पर पड़ा था। उन्होंने बिजली विभाग से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *