राँची। ओरमांझी थाना क्षेत्र में रंगदारी के मामले में पुलिस को बड़ी हाथ लगी है। तृतीया प्रस्तुति कमिटी (टीपीसी) के दो उग्रवादियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है, जो एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने में शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपी हैं कौन
पुलिस ने हजारीबाग के बड़गांव निवासी समरित गंझू उर्फ मलिंगा उर्फ अरुण और राॅंची के पिठोरिया निवासी सोनू उरांव उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया है।
कैसे हुआ खुलासा
17 अप्रैल 2026 को रंगदारी मांगने के बाद ओरमांझी थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने ईरबा गोलचक्कर के पास दोनों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और मैगजीन, दो मोबाइल फोन, राउटर, सिम कार्ड, पावर बैंक और डेटा केबल, बरामद किए हैं। साथ ही रंगदारी में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड भी जब्त हुआ है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा जिलों में भी व्यवसायियों से रंगदारी वसूलते थे। अब तक करीब 10 लोगों से वसूली की बात सामने
आई है।
मुख्य आरोपी का रिकॉर्ड
समरित गंझू के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी, धमकी और अवैध हथियार से जुड़े अपराध शामिल हैं।
पुलिस का अभियान जारी
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों और रंगदारी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
