Birsa Times

तारा चौक पर जल जमाव की समस्या, राहगीर और दुकानदार परेशान

तारा चौक पर जल जमाव की समस्या, राहगीर और दुकानदार परेशान

गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड के तारा चौक पर जल जमाव की गंभीर समस्या से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बेमौसम हल्की बारिश के बाद ही मुख्य चौक तालाब का रूप ले लेता है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, तारा चौक में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क पर पानी भर जाने से खासकर दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। दुकानदारों ने बताया कि जल जमाव के कारण ग्राहक दुकानों तक पहुंचने में असहज महसूस करते हैं, जिससे उनके व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। वहीं जमा पानी से गंदगी और दुर्गंध फैलने के कारण आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पथ निर्माण विभाग के अधीन होने के कारण पंचायत प्रतिनिधि भी इस मामले में खुद को असहाय बता रहे हैं, जबकि बड़े जनप्रतिनिधियों तक आम लोगों की पहुंच नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में समस्या और विकराल रूप न ले सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *