Birsa Times

खनिज संसाधनों के दुरूपयोग पर नकेल, एक लाख रूपये से अधिक लगा जुर्माना

खनिज संसाधनों के दुरूपयोग पर नकेल, एक लाख रूपये से अधिक लगा जुर्माना

रिपोर्ट – अनिल कुमार

औरंगाबाद। जिले में अवैध बालू खनन और भंडारण के खिलाफ खनन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में उपहारा थाना क्षेत्र के हामिदनगर में खनन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1100 घनफुट अवैध बालू जब्त किया है। मामले को लेकर उपहारा थाना में एफआईआर दर्ज कराया गया है। जानकारी के अनुसार, खनन विभाग जिले भर में अवैध बालू भंडारण के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी अभियान के तहत उपहारा पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर हामिदनगर स्थित एक बालू भंडारण पर छापेमारी की गई, जहां भारी मात्रा में अवैध रूप से बालू डंप कर रखा गया था। इस कार्रवाई के बाद बालू माफिया में हड़कंप मच गया है। विदित हो कि बालू माफिया तमाम कायदे कानूनों को ताक पर रखकर बेधड़क पुनपुन नदी से अवैध उत्खनन कर आसपास के खेतों में या फिर अपने सुविधा अनुसार अलग-अलग स्थान पर भंडारण किया गया है। इससे बिहार सरकार को लाखों रूपये राजस्व का नुकसान हो रहा है। खनिज विकास पदाधिकारी हरेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष एवं थानाध्यक्ष आकाश कुमार की अहम भूमिका रही। खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष ने बताया कि हामिदनगर में भोला यादव के द्वारा अवैध रूप से भंडारित 1100 घनफुट बालू को जब्त करते हुए 1 लाख 47 हज़ार रूपये का जुर्माना लगाया गया है। जब्त किये गये बालू को उपहारा थाना के हवाले किया गया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ताकि अवैध रूप से बालू भंडारण करने वाले को चिह्नित किया जा सके। अवैध भंडारण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुनपुन नदी से बालू के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण को रोकने के लिए एक ब्लू प्रिंट तैयार किया गया है। खान निरीक्षक द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचित करें। नागरिकों के सहयोग से ही इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *