Birsa Times

दुमका में अंतर-राज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह का पर्दाफाश: शिकारीपाड़ा और मुफ्फसिल से चोरी हुए दोनों ट्रैक्टर बरामद, तीन शातिर दबोचे।

दुमका में अंतर-राज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह का पर्दाफाश: शिकारीपाड़ा और मुफ्फसिल से चोरी हुए दोनों ट्रैक्टर बरामद, तीन शातिर दबोचे।

शिकारीपाड़ा/दुमका/
आदिवासी एक्सप्रेस।

ललित कुमार पाल।

दुमका पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतर-राज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने न सिर्फ शिकारीपाड़ा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों से चोरी हुए दो ट्रैक्टरों को बरामद कर लिया है, बल्कि पश्चिम बंगाल तक फैले इस गिरोह के तीन शातिर चोरों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस की इस त्वरित और ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके के वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलपाड़ा बांकीजोर निवासी मनोज कुमार मंडल के घर के बाहर से बीते 13 मई 2026 की रात को एक ट्रैक्टर चोरी हो गया। इससे पहले, 8 अप्रैल 2026 की रात को भी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ग्राम केशियाबहाल निवासी तापस मांझी का ट्रैक्टर उनके घर के बाहर से चोरी हुआ था, जिसे लेकर मुफ्फसिल थाने में कांड संख्या 63/26 दर्ज था। एक के बाद एक हुई इन चोरियों की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया।
गठित टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाते हुए 16 मई 2026 को सबसे पहले शिकारीपाड़ा के कुलकुलींडगाल से मुख्य आरोपी संजीव मड़ैया को दबोच लिया। पुलिसिया पूछताछ के आगे टूटते हुए संजीव ने न सिर्फ अपना जुर्म कबूला, बल्कि पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले अपने दो अन्य साथियों—बंसी दास और शेख अजीजुल के नामों का भी खुलासा कर दिया। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए छापेमारी कर इन दोनों सह-आरोपियों को भी धर दबोचा।
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर चोरी के दोनों महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद कर लिए। इनमें से एक ट्रैक्टर (JH04J 9714) को बोलपुर शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र से और दूसरे ट्रैक्टर (WB 37C 1540) को मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के सावराकुड़ी से बरामद किया गया। इस शानदार और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में सदर दुमका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री विजय कुमार महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान, शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा सहित पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार, आशीष कुमार भारद्वाज, आनन्द हेम्ब्रम, सहायक अवर निरीक्षक मुश्ताक आलम, गोपनीय शाखा के अमित कुमार और दोनों थानों के सशस्त्र बल शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *