संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ थाना क्षेत्र के पांकी बालूमाथ मुख्य मार्ग पर बनियों गांव के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं,उसे बचाने के प्रयास में दूसरी महिला भी चोटिल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इसके कारण पिछले छह घंटे से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
जंगल में पशुओं को चारा खिलाने जा रही थीं महिलाएं
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार,बनियों गांव निवासी हीरामणि देवी और कुलेश्वरी देवी मंगलवार की सुबह अपने पालतू पशुओं को गांव के जंगल की ओर चारा खिलाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान मुख्य सड़क पर एक हाइवा की चपेट में आने से हीरामणि देवी घायल हो गईं। उन्हें बचाने के क्रम में कुलेश्वरी देवी भी चोटिल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों महिलाओं को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक दयानंद कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हीरामणि देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार,उनके सर, हाथ और पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।

भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग
इधर,दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन के लिए नो एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस एवं तुबेद कोल माइंस के कर्मी मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी।
