Skip to main content

Birsa Times

जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर में मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 65 हजार के तीन फोन बरामद

जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर में मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 65 हजार के तीन फोन बरामद

बड़हरवा स्टेशन पर आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, भागलपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी; चलती और खड़ी ट्रेन के जनरल कोच में करते थे चोरी
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो | अजय कुमार कुशवाहा
बड़हरवा (साहिबगंज)।
जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा और आरपीएफ/सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से चोरी के तीन सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 65,099 रुपये बताई गई है।

प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में मिले दोनों युवक

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में रविवार रात बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर चोरी, तस्करी और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 10:05 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 के साहिबगंज छोर पर दो युवक संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आए।

आरपीएफ टीम ने शक के आधार पर दोनों की तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से सैमसंग कंपनी के तीन इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन मिले। आरोपी इन मोबाइलों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उनके पास पोको और नथिंग कंपनी के दो निजी मोबाइल फोन भी बरामद हुए।

भागलपुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के ममलखा निवासी बाबलू कुमार (26), पिता पप्पू साह और रामपुर ममलखा निवासी आदित्य कुमार (19), पिता विनोद मंडल के रूप में हुई है।

जनरल कोच में यात्रियों को बनाते थे निशाना

आरपीएफ की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि बरामद तीनों सैमसंग मोबाइल जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों से चोरी किए गए थे।

बाबलू कुमार ने बताया कि उसने टिनपहाड़ स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद जनरल कोच में दो मोबाइल चोरी किए थे। वहीं, आदित्य कुमार ने बड़हरवा स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के दौरान जनरल कोच से एक यात्री का मोबाइल चुराया था।

पूछताछ में दोनों ने ट्रेनों में यात्रियों के बैग और मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। हालांकि, इन अन्य घटनाओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

जीआरपी बड़हरवा को सौंपे गए आरोपी

आरपीएफ ने तीनों मोबाइल फोन जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों आरोपियों को जब्त सामान और वीडियोग्राफी साक्ष्यों के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बड़हरवा को सौंप दिया गया।

इस मामले में जीआरपी बड़हरवा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5)/3(5) के तहत कांड संख्या 62/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

इस कार्रवाई में बड़हरवा आरपीएफ के एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे, आरक्षी अमित धर चौधरी और सुजीत कुमार सिंह के अलावा मालदा सीआईबी टीम के एएसआई रवि शंकर यादव तथा प्रधान आरक्षी एस. मोदीया की अहम भूमिका रही।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *