नाकेबंदी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो घायल; दो अन्य फरार, एसपी अमन कुमार ने संभाली कमान
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान रविवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द स्थित रेबर गांव के चरेवा टांड के पास हुई गोलीबारी में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो अपराधी घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने फरार अपराधियों की तलाश में अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस की नाकेबंदी देखकर अपराधियों ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए गैंग के एक सदस्य से पूछताछ में जानकारी मिली थी कि गिरोह के कुछ सदस्य रेबर के रास्ते हजारीबाग पहुंचने वाले हैं। उनके किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने की सूचना मिलने के बाद कटकमसांडी पुलिस ने इलाके में निगरानी और नाकेबंदी शुरू कर दी थी।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध लोगों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर अपराधियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो अपराधियों को गोली लग गई। वहीं, उनके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल अपराधियों की हुई पहचान
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुठभेड़ की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि गोली लगने से घायल अपराधियों की पहचान पदमा थाना क्षेत्र निवासी दीप नारायण भगत उर्फ दीपू और चतरा जिले के नगवां निवासी राहुल कुमार उर्फ रॉकी के रूप में हुई है।
दोनों घायल राहुल दुबे गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी
जिले में हाल के दिनों में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। मुठभेड़ के बाद फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। साथ ही गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों और संभावित वारदात की योजना को लेकर भी जांच की जा रही है।
मौके पर एसपी अमन कुमार के अलावा कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, हजारीबाग डीएसपी, इंस्पेक्टर, बरही थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे। एसपी ने अधिकारियों को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
