बादलपाड़ा-कल्याणपुर में देर रात बिगड़े हालात, कंपनी कर्मियों को ग्रामीणों ने बनाया था बंधक; छुड़ाने पहुंची पुलिस का हुआ विरोध
शिकारीपाड़ा/दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में कोल ब्लॉक के विरोध को लेकर रविवार देर रात ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस जवानों पर पत्थरबाजी और लाठी से हमला किए जाने की सूचना है। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामसभा के दौरान कंपनी कर्मियों को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, कोल ब्लॉक के लिए सर्वे और बोरिंग कार्य को लेकर इलाके में ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान कोल कंपनी के कर्मियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। घटना की सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कंपनी कर्मियों को मुक्त कराने का प्रयास किया।
हालांकि, कोल ब्लॉक के विरोध में जुटे ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

आधी रात को अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने पर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति हिंसक हो गई और पुलिस जवानों पर पत्थरबाजी तथा लाठी से हमला किए जाने की खबर सामने आई। इस झड़प में कई जवान घायल हो गए।
इलाके में तनाव, जांच में जुटा प्रशासन
घटना के बाद बादलपाड़ा-कल्याणपुर और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, घटना में शामिल लोगों की पहचान और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग कार्य को लेकर ग्रामीणों का विरोध अब पुलिस के साथ हिंसक टकराव में बदल गया है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
