Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर ससुर-बहू की टांगी से हत्या

गिरिडीह में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर ससुर-बहू की टांगी से हत्या

पचंबा थाना क्षेत्र के सुंडीटोला में अहले सुबह वारदात, 65 वर्षीय सुकर मंडल और 30 वर्षीय शीला मंडल की मौत; हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
गिरिडीह।
जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा स्थित सुंडीटोला में सोमवार की अहले सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर ससुर और बहू की टांगी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय सुकर मंडल और उनकी 30 वर्षीय बहू शीला मंडल के रूप में हुई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

घर में घुसकर टांगी से किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की अहले सुबह अज्ञात अपराधी सुकर मंडल के घर में घुसे। इसके बाद उन्होंने सुकर मंडल और उनकी बहू शीला मंडल पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या में कितने अपराधी शामिल थे और वे किस रास्ते से घटनास्थल से भागे।

दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत

सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही सुंडीटोला और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस आपसी विवाद, पारिवारिक रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *