गिरिडीह। जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याण निकेतन के समीप रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। शिखरजी की यात्रा पूरी कर टाटा लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पेड़ से टकराने के बाद विपरीत दिशा में पलटी बस
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर जेएच 01 सीजेड 4638 है। बस में सवार सभी यात्री शिखरजी की यात्रा पूरी करने के बाद टाटा लौट रहे थे। यात्रियों का करीब 10 वाहनों का जत्था था।
इसी दौरान कल्याण निकेतन के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। पहले बस सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर विपरीत दिशा में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत-बचाव अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
पति-पत्नी की मौत, दुर्घटना की जांच में जुटी पुलिस
डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि यात्रियों का करीब 10 वाहनों का जत्था शिखरजी से यात्रा पूरी कर टाटा लौट रहा था। इसी दौरान एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
