शिकारीपाड़ा / दुमका / आदिवासी एक्सप्रेस
दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कालीपाथर के पास बुधवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक काजल दास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि काजल दास अपनी बाइक से शिकारीपाड़ा से रामपुरहाट की ओर जा रहे थे, तभी कालीपाथर के समीप पत्थर खदान से ओवरलोड बोल्डर लादकर बंगाल की ओर जा रहे हाइवा और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। काजल दास अपने पीछे अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले बोल्डर लदा ओवरलोडेड हाइवा को जब्त कर थाने ले आई है और ब्लॉक मैदान में खड़ा कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

